दादरी में कूड़ा घर के खिलाफ संघर्ष समिति ने खोला मोर्चा, 22 नवंबर को पंचायत

ग्रेटर नोएडा। चिटैहरा और नई बस्ती गांव के बीच बने कूड़ा घर को हटाने की मांग को लेकर कूड़ा घर हटाओ संघर्ष समिति ने मोर्चा खोल दिया है। समिति की ओर से आयोजित प्रेस वार्ता में सदस्यों ने कूड़ा घर से फैल रही दुर्गंध और उससे ग्रामीणों के स्वास्थ्य पर मंडरा रहे खतरे को लेकर नाराजगी जताई। इन समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर आगामी 22 नवंबर को छोरा गांव में पंचायत आयोजित करने की घोषणा की गई।

प्रेस वार्ता में संघर्ष समिति के सदस्य श्याम सिंह भाटी एडवोकेट और वचन भाटी ने बताया कि दादरी नगर पालिका द्वारा चिटैहरा और नई बस्ती गांव के बीच कूड़ा घर बनाया गया है, जहां पूरे दादरी नगर का कूड़ा डाला जा रहा है। इससे उठने वाली दुर्गंध के कारण दोनों गांवों के निवासी परेशान हैं। उन्होंने कूड़े के कारण गांवों में गंभीर बीमारियां फैलने की आशंका भी जताई।
समिति के सदस्यों ने स्थानीय विधायक की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि विकास कार्यों के मामले में चिटैहरा गांव के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बच्चों के खेलने के लिए गांव में स्टेडियम बनाने का दो बार शिलान्यास किया जा चुका है, लेकिन इसके बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है।
उन्होंने चिटैहरा गांव से पल्ला और बोड़ाकी होते हुए ग्रेटर नोएडा को जोड़ने वाली सड़क की बदहाल स्थिति का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना है कि स्थानीय विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि इस सड़क की मरम्मत कराने की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।

प्रेस वार्ता में औद्योगिक इकाइयों में स्थानीय युवाओं को रोजगार देने के वादे पर भी सवाल उठाए गए। समिति के सदस्यों ने कहा कि स्थानीय विधायक ने जनपद गौतमबुद्ध नगर की औद्योगिक इकाइयों में 40 प्रतिशत स्थानीय लोगों को रोजगार दिलाने का वादा किया था, लेकिन औद्योगिक इकाइयों में स्थानीय युवाओं की संख्या नगण्य है। उन्होंने विधायक से अब तक रोजगार दिलाए गए लोगों की संख्या को लेकर स्पष्टीकरण देने की मांग की।
समिति ने इन सभी मुद्दों को लेकर 22 नवंबर को छोरा गांव में पंचायत आयोजित करने का निर्णय लिया है। प्रेस वार्ता में सुमित भाटी, रण सिंह भाटी सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

टैग
पाठक प्रतिक्रिया (Reader Feedback)
इस खबर पर अपनी राय या स्थानीय जानकारी साझा करें: