ग्रेटर नोएडा वेस्ट में एक्वा लाइन का विस्तार KP-5 तक विधायक से कराने की मांग

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट में मेट्रो कनेक्टिविटी बेहतर बनाने और प्रस्तावित एक्वा लाइन का विस्तार नॉलेज पार्क-5 (KP-5) तक कराने की मांग उठाई गई है। ऐक्टिव एनजीओ, नोएडा की ओर से आयोजित कार्यक्रम में गौतमबुद्ध नगर विकास समिति की अध्यक्ष रश्मि पाण्डेय ने विधायक पंकज सिंह के सामने यह मुद्दा उठाते हुए शासन और संबंधित अधिकारियों के स्तर पर पहल करने का अनुरोध किया।
रश्मि पाण्डेय ने कहा कि नोएडा सेक्टर-51 से प्रस्तावित एक्वा लाइन मेट्रो का विस्तार ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-4 तक किया जा रहा है, जबकि क्षेत्र की बड़ी आबादी KP-5, टेकजोन-4, सेक्टर-16बी और आसपास के इलाकों में रहती है। इन क्षेत्रों में 100 से अधिक आवासीय सोसाइटियां हैं। ऐसे में केवल एक मेट्रो स्टेशन इतनी बड़ी आबादी की परिवहन जरूरतों को पूरा करने के लिए पर्याप्त नहीं होगा।
उन्होंने विधायक पंकज सिंह की ओर से क्षेत्र के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए मांग की कि मेट्रो का विस्तार सेक्टर-4 से आगे नॉलेज पार्क-5 तक कराने के लिए संबंधित अधिकारियों और प्रदेश सरकार के स्तर पर पहल की जाए।
रश्मि पाण्डेय ने कहा कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट की लगातार बढ़ती आबादी और भविष्य की जरूरतों को देखते हुए मेट्रो रूट की योजना पर पुनर्विचार जरूरी है। इस जनहित के मुद्दे को लेकर जिले के जनप्रतिनिधियों, संबंधित प्राधिकरणों और प्रदेश सरकार को पत्र लिखकर लगातार संवाद एवं प्रयास जारी रखे जाएंगे।
उन्होंने कहा कि उद्देश्य ग्रेटर नोएडा वेस्ट के नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना और एक्वा लाइन मेट्रो को KP-5 तक पहुंचाना है। कार्यक्रम में विभिन्न एनजीओ के प्रतिनिधियों के साथ ऐक्टिव एनजीओ के एडमिन अशोक श्रीवास्तव, रंजन तोमर और अनूप सोनी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

टैग
पाठक प्रतिक्रिया (Reader Feedback)
इस खबर पर अपनी राय या स्थानीय जानकारी साझा करें:

