चौपाल रेस्टोरेंट के खाने में बाल और मच्छर मिलने का आरोप, अधिवक्ताओं ने की कार्रवाई की मांग

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-2 के सामने केबी प्लाजा स्थित चौपाल रेस्टोरेंट के खिलाफ अधिवक्ताओं ने मोर्चा खोल दिया है। गुरुवार को अधिवक्ताओं ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी सर्वेश मिश्रा को शिकायती पत्र सौंपकर रेस्टोरेंट में इस्तेमाल की जा रही खाद्य सामग्री की उच्चस्तरीय जांच कराने और संचालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
अधिवक्ता श्याम सिंह भाटी ने बताया कि मंगलवार को वह अपने परिवार के साथ चौपाल रेस्टोरेंट में खाना खाने गए थे। इस दौरान नूडल्स में बाल और मच्छर मिलने का आरोप है। इसकी शिकायत रेस्टोरेंट संचालक राजा सिरोही से करने पर उन्होंने गलती स्वीकार करने के बजाय कथित रूप से दबंगई दिखाई और बाउंसर बुला लिए। आरोप है कि इस दौरान अधिवक्ता के परिवार के साथ दुर्व्यवहार किया गया।

घटना के बाद बड़ी संख्या में अधिवक्ता बिसरख थाने पहुंचे और रेस्टोरेंट संचालक के खिलाफ शिकायत दी। श्याम सिंह भाटी ने बताया कि रेस्टोरेंट में खाना खाने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद दादरी स्थित सरकारी अस्पताल में उनका उपचार कराया गया।
गुरुवार को अधिवक्ताओं ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी से मुलाकात कर रेस्टोरेंट में इस्तेमाल होने वाली खाद्य सामग्री की जांच के लिए टीम गठित करने की मांग की। अधिवक्ताओं का आरोप है कि इस रेस्टोरेंट के खिलाफ ग्राहकों की ओर से पहले भी कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
अधिवक्ता श्याम सिंह भाटी ने चेतावनी दी कि यदि रेस्टोरेंट संचालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं की गई तो खाद्य सुरक्षा अधिकारी कार्यालय का घेराव किया जाएगा।

टैग
पाठक प्रतिक्रिया (Reader Feedback)
इस खबर पर अपनी राय या स्थानीय जानकारी साझा करें: