सेक्टर-105 के बाहर अवैध डंपिंग से निवासी परेशान, आरडब्ल्यूए ने की प्राधिकरण से कार्रवाई की मांग

सेक्टर के निवासी और आरडब्ल्यूए नोएडा प्राधिकरण के साथ मिलकर स्वच्छ एवं सुंदर शहर बनाने के प्रयास कर रहे हैं, लेकिन खुले में कचरा और मलबा डालने की गतिविधियां इन प्रयासों को प्रभावित कर रही हैं। आरडब्ल्यूए ने मांग की है कि अवैध डंपिंग में शामिल वाहनों और संबंधित लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए।
नोएडा। सेक्टर-105 के बाहर और सेंट्रल आइकॉन से सटी खाली जमीन पर अवैध रूप से कचरा व निर्माण मलबा डाले जाने को लेकर सेक्टर की आरडब्ल्यूए ने चिंता जताई है। आरडब्ल्यूए अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय ने नोएडा प्राधिकरण और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर डंपिंग पर रोक लगाने और जमीन की सफाई कराने की मांग की है।

दिव्य कृष्णात्रेय के अनुसार, सेक्टर-105 के बाहर ‘नोएडा’ लिखे एक वाहन से लगातार कचरा डाला जा रहा है। इसके अलावा सेंट्रल आइकॉन से सटी जमीन पर भी अनधिकृत रूप से डंपिंग की जा रही है। आरोप है कि निर्माणाधीन सेंट्रल आइकॉन मॉल की ओर से भी नियमित रूप से निर्माण एवं विध्वंस मलबा यहां डाला जा रहा है, जिससे खाली जमीन डंपिंग यार्ड में तब्दील हो गई है।
आरडब्ल्यूए अध्यक्ष ने कहा कि इस समस्या को लेकर पहले भी समाचार पत्रों में खबरें प्रकाशित हुई हैं और संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया गया है, लेकिन इसके बावजूद अवैध डंपिंग का सिलसिला जारी है। इससे क्षेत्र की स्वच्छता और सौंदर्य प्रभावित हो रहा है। उड़ती धूल व गंदगी से स्थानीय निवासियों को परेशानी हो रही है तथा स्वास्थ्य, पर्यावरण और वायु गुणवत्ता पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है।
उन्होंने कहा कि सेक्टर के निवासी और आरडब्ल्यूए नोएडा प्राधिकरण के साथ मिलकर स्वच्छ एवं सुंदर शहर बनाने के प्रयास कर रहे हैं, लेकिन खुले में कचरा और मलबा डालने की गतिविधियां इन प्रयासों को प्रभावित कर रही हैं।
आरडब्ल्यूए ने मांग की है कि अवैध डंपिंग में शामिल वाहनों और संबंधित लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही, डंपिंग यार्ड बन चुकी जमीन की तत्काल सफाई कराकर भविष्य में ऐसी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए स्थायी व्यवस्था और निगरानी सुनिश्चित की जाए।

टैग
पाठक प्रतिक्रिया (Reader Feedback)
इस खबर पर अपनी राय या स्थानीय जानकारी साझा करें: