डीसीपी ट्रैफिक से मिले डीडीआरडब्ल्यूए फेडरेशन के पदाधिकारी, शहर की यातायात समस्याएं उठाईं

नोएडा। नोएडा और ग्रेटर नोएडा की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए डीडीआरडब्ल्यूए फेडरेशन, गौतमबुद्ध नगर के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को नवनियुक्त डीसीपी ट्रैफिक सैयद अली अब्बास से मुलाकात की। डीसीपी कार्यालय में हुई इस बैठक में शहर के प्रमुख चौराहों पर जाम, अवैध पार्किंग, अतिक्रमण, सड़क दुर्घटनाओं और व्यावसायिक वाहनों के अनधिकृत खड़े होने सहित यातायात से जुड़ी कई समस्याएं उठाई गईं। प्रतिनिधिमंडल ने इन समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।

बैठक में सेक्टर-51 और 52 मेट्रो स्टेशन के आसपास प्रतिदिन लगने वाले जाम का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। फेडरेशन के पदाधिकारियों ने यहां यातायात प्रबंधन दुरुस्त करने और पुलिसकर्मियों की नियमित तैनाती की मांग की। इसके अलावा प्रकाश अस्पताल के आसपास लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए इसे दुर्घटना संभावित क्षेत्र मानकर विशेष निगरानी और आवश्यक सुरक्षा उपाय करने का अनुरोध किया।
सेक्टर-53 स्थित सीएनजी स्टेशन के पास बसों की लंबी कतारों से लगने वाले जाम की समस्या भी उठाई गई। प्रतिनिधिमंडल ने बसों के लिए निर्धारित पार्किंग और व्यवस्थित कतार की व्यवस्था करने का सुझाव दिया। साथ ही डीसीपी ट्रैफिक कार्यालय तक आम लोगों के लिए सीधे और सुविधाजनक पहुंच मार्ग उपलब्ध कराने तथा आवश्यक दिशा-सूचक लगाने की मांग की।
बैठक में फेडरेशन ने अन्य समस्याओं की ओर भी ध्यान आकर्षित कराया। इनमें प्रमुख रूप से आवासीय सेक्टरों में बस, ओला, उबर और अन्य व्यावसायिक वाहनों की अवैध पार्किंग पर रोक लगाने, बैंक्विट हॉल के बाहर वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग से लगने वाले जाम और देर रात तक तेज आवाज में डीजे बजाने पर नियमों का पालन सुनिश्चित कराने की मांग शामिल रही। इसके अलावा फुटपाथों पर रेहड़ी-पटरी के अतिक्रमण और सार्वजनिक स्थानों पर खुले में शराब पीने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने का मुद्दा भी उठाया गया।

प्रतिनिधिमंडल ने स्कूलों, बाजारों और व्यस्त चौराहों पर पीक आवर्स के दौरान पर्याप्त यातायात पुलिसकर्मियों की तैनाती का सुझाव दिया। फेडरेशन का कहना था कि यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए नोएडा प्राधिकरण, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण, यातायात पुलिस और अन्य संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। साथ ही आरडब्ल्यूए और स्थानीय निवासियों के सुझावों को भी यातायात प्रबंधन की योजनाओं में शामिल किया जाना चाहिए।
डीसीपी ट्रैफिक सैयद अली अब्बास ने प्रतिनिधिमंडल की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना तथा यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए आवश्यक प्रयास करने के संबंध में सकारात्मक चर्चा की। इस अवसर पर फेडरेशन के एनपी सिंह, एमपी सिंह, अनिल कुमार सिंह और रुद्र प्रताप शिशोदिया मौजूद रहे। फेडरेशन ने पुलिस प्रशासन के साथ निरंतर संवाद और समन्वय के जरिए यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने की उम्मीद जताई।

टैग
पाठक प्रतिक्रिया (Reader Feedback)
इस खबर पर अपनी राय या स्थानीय जानकारी साझा करें: