हिबा ग्रीन फाउंडेशन ने दिवाली पर जरूरतमंद महिलाओं को बांटे सैनिटरी पैड और पुस्तकें

ग्रेटर नोएडा। दिवाली के अवसर पर हिबा ग्रीन फाउंडेशन ने जरूरतमंद महिलाओं के सम्मान, स्वास्थ्य और जागरूकता को समर्पित विशेष सामाजिक पहल की। इसके तहत जरूरतमंद महिलाओं को सैनिटरी पैड वितरित किए गए। साथ ही महिलाओं को फाउंडेशन की पुस्तक 'गरम रोटी–फांसी का फंदा' की प्रतियां भेंट कर पढ़ने और ज्ञान के प्रति प्रोत्साहित किया गया।
इस अभियान में फाउंडेशन की ओर से वीरेन्द्र और दिवाकर ने सक्रिय भागीदारी निभाई। अभियान का उद्देश्य महिलाओं में मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ उनकी बुनियादी स्वास्थ्य आवश्यकताओं को सम्मान देने का संदेश देना था।

फाउंडेशन ने इस पहल में अपने बेटों को शामिल होने के लिए भेजने पर अंकुर त्यागी और विनय पांडेय का विशेष आभार व्यक्त किया। फाउंडेशन का कहना है कि बच्चों को बचपन से ही महिलाओं के स्वास्थ्य, उनकी जरूरतों और सम्मान के प्रति संवेदनशील बनाना जरूरी है। महिलाओं की आवश्यकताओं का सम्मान करना केवल उनकी नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है।
अभियान के माध्यम से मासिक धर्म से जुड़े सामाजिक संकोच और भेदभावपूर्ण सोच पर भी सवाल उठाए गए। फाउंडेशन ने कहा कि मासिक धर्म कोई बीमारी या शर्म का विषय नहीं, बल्कि एक सामान्य प्राकृतिक जैविक प्रक्रिया है। इसके बावजूद सैनिटरी पैड जैसी जरूरी वस्तुओं को कई स्थानों पर काली पॉलिथीन या अखबार में छिपाकर दिया जाता है। ऐसी सामाजिक झिझक को समाप्त करने की जरूरत है।
फाउंडेशन की इस पहल में पुस्तक वितरण को भी महत्वपूर्ण स्थान दिया गया। 'गरम रोटी–फांसी का फंदा' पुस्तक भेंट करने का उद्देश्य महिलाओं के बीच ज्ञान, जागरूकता और पढ़ने की संस्कृति को बढ़ावा देना है। फाउंडेशन का मानना है कि महिला सशक्तिकरण के लिए बुनियादी जरूरतों की पूर्ति के साथ शिक्षा, ज्ञान और आत्मनिर्भरता के अवसर उपलब्ध कराना भी आवश्यक है।
फाउंडेशन के अनुसार, त्योहारों की वास्तविक खुशी तभी सार्थक है, जब समाज के जरूरतमंद लोगों तक भी खुशियां पहुंचें और प्रत्येक व्यक्ति को सम्मान के साथ जीने का अवसर मिले।

टैग
पाठक प्रतिक्रिया (Reader Feedback)
इस खबर पर अपनी राय या स्थानीय जानकारी साझा करें: