सेक्टर-51 में फुटपाथ पर निर्माण सामग्री का अतिक्रमण, एक साल से शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं

नोएडा। सेक्टर-51 में गेट नंबर 10, 11 और 12 के बाहर सार्वजनिक फुटपाथ पर भवन निर्माण सामग्री की खुले में बिक्री और भंडारण किए जाने से स्थानीय निवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। फुटपाथ पर सीमेंट, रेत, बजरी और अन्य निर्माण सामग्री रखे जाने से पैदल यात्रियों का रास्ता बाधित हो रहा है। वहीं, सामग्री से उड़ने वाली धूल के कारण आसपास के क्षेत्र में वायु प्रदूषण भी फैल रहा है।
रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) सेक्टर-51 के महासचिव संजीव कुमार ने इस संबंध में नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्णा करुणेश को पत्र भेजकर शिकायत की है। उन्होंने बताया कि आरडब्ल्यूए पिछले लगभग एक वर्ष से लगातार प्राधिकरण को इस समस्या से अवगत करा रही है, लेकिन संबंधित वर्क सर्किल की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

पत्र में कहा गया है कि वर्तमान में वायु प्रदूषण की रोकथाम के लिए ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) लागू है। इसके बावजूद सार्वजनिक फुटपाथ पर खुले में निर्माण सामग्री की बिक्री और भंडारण जारी है। इससे लगातार धूल उड़ती है, जो आसपास के वातावरण को प्रभावित कर रही है। बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी परेशानी वाले लोगों के लिए भी यह स्थिति चिंता का विषय है।
आरडब्ल्यूए के अनुसार, फुटपाथ पर निर्माण सामग्री रखे जाने से पैदल यात्रियों को सड़क पर चलने के लिए मजबूर होना पड़ता है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। स्कूली बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों को आवागमन में विशेष परेशानी होती है। इसके अलावा सामग्री की लोडिंग-अनलोडिंग और वाहनों की आवाजाही से यातायात भी प्रभावित होता है।
-आठ सूत्रीय कार्रवाई की मांग
आरडब्ल्यूए ने प्राधिकरण से मौके का तत्काल निरीक्षण कर फुटपाथ से निर्माण सामग्री और अतिक्रमण हटाने, बिना अनुमति सामग्री का भंडारण एवं बिक्री करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही पिछले एक वर्ष में भेजी गई शिकायतों पर हुई कार्रवाई का ब्योरा देने और संबंधित वर्क सर्किल के अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की है।
पत्र में GRAP के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने, नियमित सफाई एवं धूल नियंत्रण, दोबारा अतिक्रमण रोकने के लिए निगरानी व्यवस्था बनाने और की गई कार्रवाई की विस्तृत लिखित रिपोर्ट आरडब्ल्यूए को उपलब्ध कराने का भी अनुरोध किया गया है। महासचिव संजीव कुमार ने प्राधिकरण से मामले को गंभीरता से लेकर शीघ्र प्रभावी कार्रवाई करने की अपेक्षा जताई है।

टैग
पाठक प्रतिक्रिया (Reader Feedback)
इस खबर पर अपनी राय या स्थानीय जानकारी साझा करें: