हरौला गांव में लगा ‘NCF आपके द्वार’ कार्यक्रम, नागरिकों ने उठाईं मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं

नोएडा। नोएडासिटीजन फोरम (NCF) की ओर से सेक्टर-9 स्थित हरौला गांव में ‘NCF आपके द्वार’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें हरौला गांव और आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों एवं गणमान्य लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम में नोएडा के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़ी विभिन्न जनसमस्याओं तथा नागरिक हित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नागरिकों ने सड़क, जलनिकासी, साफ-सफाई, सुरक्षा, मूलभूत सुविधाओं और विकास कार्यों से जुड़ी समस्याएं उठाईं। ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं को फोरम के पदाधिकारियों के सामने रखते हुए उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों और प्रशासन के स्तर पर प्रभावी पहल करने की आवश्यकता जताई।

NCF की कार्यकारी अध्यक्षा शालिनी सिंह ने नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने आश्वस्त किया कि कार्यक्रम में उठाए गए मुद्दों को संबंधित अधिकारियों के समक्ष उचित स्तर पर रखा जाएगा और उनके समाधान के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।
इस अवसर पर NCF के वरिष्ठ उपाध्यक्ष हरिदत्त शर्मा, कोषाध्यक्ष प्रदीप यादव, इंद्रजीत प्रधान, शिव कुमार शर्मा, ब्रह्मदत्त शर्मा, सुनील शर्मा, निशांत और मोहित सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
फोरम के अनुसार, ‘NCF आपके द्वार’ अभियान का उद्देश्य नोएडा के विभिन्न सेक्टरों और ग्रामीण क्षेत्रों में नागरिकों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को समझना तथा उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों और प्रशासन के साथ निरंतर संवाद एवं प्रयास करना है।

टैग
पाठक प्रतिक्रिया (Reader Feedback)
इस खबर पर अपनी राय या स्थानीय जानकारी साझा करें: