बीटा-1 की समस्याओं को लेकर आरडब्ल्यूए ने प्राधिकरण अधिकारियों के साथ की बैठक

ग्रेटर नोएडा। सेक्टर बीटा-1 की मूलभूत समस्याओं को लेकर आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों और सेक्टरवासियों ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें सेक्टर की सुरक्षा, जर्जर सड़कों, अवैध पीजी, कम पानी के दबाव और अन्य सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं उठाते हुए जल्द समाधान कराने की मांग की गई। प्राधिकरण के डीजीएम विजय रावल ने सभी समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
बैठक में आरडब्ल्यूए ने सेक्टर की सुरक्षा के लिए चारों तरफ चारदीवारी का निर्माण कराने की मांग रखी। साथ ही सेक्टर के चारों ओर की जर्जर सर्विस रोड और आंतरिक सड़कों की मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कराने का मुद्दा उठाया। सेक्टर में पानी का दबाव कम होने की समस्या से भी अधिकारियों को अवगत कराया गया।
आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने सेक्टर में अवैध रूप से संचालित पीजी पर कार्रवाई की मांग की। उनका कहना था कि ऐसे पीजी में आए दिन झगड़े और विवाद होते हैं। इनमें रहने वाले युवक देर रात दो से तीन बजे तक सड़कों पर घूमते रहते हैं, जिससे सेक्टरवासियों की सुरक्षा और शांति व्यवस्था प्रभावित होती है।
इसके अलावा सेक्टर के बारात घर में बच्चों और युवाओं के लिए पुस्तकालय बनाने, 40 से 50 फीट से अधिक ऊंचाई वाले पेड़ों की उचित छंटाई कराने तथा बारात घर के रखरखाव और देखरेख की जिम्मेदारी आरडब्ल्यूए को सौंपने की मांग भी की गई।
आरडब्ल्यूए अध्यक्ष संगीता शर्मा, महासचिव हरेन्द्र भाटी और कोषाध्यक्ष एडवोकेट विपिन भाटी ने अधिकारियों से समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द कार्रवाई करने का आग्रह किया। डीजीएम विजय रावल ने आश्वासन दिया कि सेक्टर बीटा-1 की सभी समस्याओं का जल्द समाधान कराया जाएगा।
बैठक में आरडब्ल्यूए के सचिव ओम प्रकाश शर्मा, सलाहकार जयपाल चौधरी, भीम सिंह भाटी, सुरेन्द्र सैनी, महेन्द्र सिंह, मागेराम शर्मा, आरपी शर्मा और दीपक भाटी सहित अन्य पदाधिकारी एवं निवासी मौजूद रहे।
प्राधिकरण की ओर से परियोजना विभाग के विनोद कुमार शर्मा, स्वतंत्र वर्मा और कुलदीप शर्मा, टेक्निकल विभाग के विकास भाटी, उद्यान विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक ज्ञानेंद्र यादव और चमन नागर, इलेक्ट्रिकल विभाग के सौरभ भारद्वाज, स्वास्थ्य विभाग के राजेश कुमार गौतम, विवेक कुमार और गौरव बघेल तथा सीवर विभाग की संध्या सिंह, रामकिशन और टेक्निकल विभाग के ललित सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने कहा कि सेक्टरवासियों की मूलभूत सुविधाओं, सुरक्षा और बेहतर व्यवस्था के लिए प्राधिकरण के साथ समन्वय बनाकर प्रयास जारी रखे जाएंगे।


टैग
पाठक प्रतिक्रिया (Reader Feedback)
इस खबर पर अपनी राय या स्थानीय जानकारी साझा करें: