राममय हुआ नोएडा, भावपूर्ण प्रस्तुति के साथ ‘अपने-अपने राम’ का भव्य समापन

नोएडा। सेक्टर-38 स्थित वर्ल्ड्स ऑफ वंडर में आयोजित तीन दिवसीय आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘अपने-अपने राम’ का रविवार को भव्य एवं भावपूर्ण समापन हुआ। समाजसेवी, शिक्षाविद् एवं उद्यमी मुकेश शर्मा के सौजन्य से आयोजित इस कार्यक्रम में प्रख्यात कवि एवं वक्ता डॉ. कुमार विश्वास ने अपनी काव्यात्मक और ओजस्वी शैली में भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र, आदर्शों और जीवन दर्शन का वर्णन किया। तीनों दिन हजारों की संख्या में उपस्थित श्रद्धालु उनकी प्रस्तुति से भाव-विभोर नजर आए। पूरा परिसर जय श्रीराम के जयघोष से गूंजता रहा।

तीन दिवसीय आयोजन के पहले दिन भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव का प्रसंग प्रस्तुत किया गया। डॉ. कुमार विश्वास ने श्रीराम के व्यक्तित्व, मर्यादा, संस्कारों और जीवन मूल्यों का वर्णन करते हुए उनके जीवन को मानवता, कर्तव्यनिष्ठा, त्याग और आदर्श आचरण की प्रेरणा बताया। उन्होंने श्रीराम के चरित्र को वर्तमान सामाजिक और पारिवारिक जीवन से जोड़ते हुए उनके आदर्शों को अपनाने का संदेश दिया।
दूसरे दिन राम-सीता विवाह का प्रसंग सुनाया गया। इसमें पुष्पवाटिका में राम-सीता का प्रथम मिलन, सीता स्वयंवर, शिवधनुष भंग और लक्ष्मण-परशुराम संवाद जैसे प्रसंग शामिल रहे। इनके माध्यम से प्रेम, विश्वास, समर्पण, सम्मान और पारिवारिक संस्कारों का महत्व रेखांकित किया गया।
अंतिम दिन भगवान श्रीराम के राज्याभिषेक और रामराज्य की परिकल्पना पर केंद्रित प्रस्तुति हुई। डॉ. कुमार विश्वास ने आदर्श शासन व्यवस्था, न्याय, समानता, करुणा, त्याग और जनकल्याण के महत्व को समझाया। उन्होंने कहा कि रामराज्य का वास्तविक अर्थ ऐसा समाज है, जहां प्रत्येक व्यक्ति को न्याय, सम्मान और समान अवसर मिले तथा शासक स्वयं को जनता का सेवक समझकर जनकल्याण के लिए समर्पित रहे। उन्होंने श्रीराम के आदर्शों को बेहतर समाज और राष्ट्र निर्माण का आधार बताया।

आयोजक मुकेश शर्मा ने आयोजन की सफलता में योगदान देने वाले हनुमंत परिवार के सदस्यों, कार्यकर्ताओं, सहयोगियों, अतिथियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों, मीडिया प्रतिनिधियों और श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन किसी एक व्यक्ति का प्रयास नहीं, बल्कि सभी के सामूहिक परिश्रम, समर्पण और सेवाभाव का परिणाम है।
मुकेश शर्मा ने बताया कि तीनों दिन श्रद्धालुओं की संख्या उम्मीद से अधिक रही। बड़ी संख्या में लोगों ने कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पंजीकरण कराने का प्रयास किया, लेकिन स्थान और बैठने की सीमित व्यवस्था के कारण कई लोगों का पंजीकरण नहीं हो सका और उन्हें प्रवेश नहीं मिल पाया। उन्होंने ऐसे श्रद्धालुओं से खेद जताते हुए उनकी भावनाओं के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि नोएडा में पहली बार ‘अपने-अपने राम’ जैसे भव्य आयोजन के माध्यम से भगवान श्रीराम के जीवन दर्शन को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाना उनके लिए सौभाग्य और आत्मिक संतोष का विषय है। आयोजन का उद्देश्य भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और जीवन मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ समाज में प्रेम, सद्भाव, भाईचारे और सेवा की भावना को मजबूत करना था।
मुकेश शर्मा ने डॉ. कुमार विश्वास का विशेष आभार जताते हुए कहा कि उनकी साहित्यिक अभिव्यक्ति और भावपूर्ण प्रस्तुति ने तीनों दिन वातावरण को राममय बनाए रखा। अंत में उन्होंने श्रद्धालुओं से भगवान श्रीराम के आदर्शों को केवल सुनने और समझने तक सीमित न रखकर परिवार, सामाजिक जीवन और व्यवहार में अपनाने का आह्वान किया।

टैग
पाठक प्रतिक्रिया (Reader Feedback)
इस खबर पर अपनी राय या स्थानीय जानकारी साझा करें: