कण्वघाटी में गूंजी उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, छात्राओं ने सीखे लोकगीत और लोकनृत्य

कोटद्वार। उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, लोकगीत और लोकनृत्य को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से पीएम श्री शहीद लांस नायक धनवीर सिंह राणा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, कण्वघाटी में पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यशाला आयोजित की गई। मकसद संस्था उत्तराखंड ग्रुप के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यशाला में छात्राओं को उत्तराखंड के पारंपरिक लोकगीत, लोकसंगीत और लोकनृत्य का प्रशिक्षण दिया गया।
हेमा बिष्ट के निर्देशन में आयोजित कार्यशाला में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को आकर्षक बनाया। इस दौरान सांस्कृतिक दल के कलाकार शैलेन्द्र सिंह ने हारमोनियम, शुभम भारियाल ने ढोलक और उदय ने गायन में सहयोग दिया। चंदन मेहरा, महेश आर्य और ओंकार ने नृत्य प्रस्तुतियों में भूमिका निभाई, जबकि मीनाक्षी ने नृत्य संचालन और मोनिका आर्य ने गायन में सहयोग किया। धीरेंद्र चौहान ने मंच संचालन किया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि विद्यालय की प्रधानाचार्या पुष्पा धस्माना रहीं। उन्होंने कार्यशाला की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की पहल छात्राओं को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
हेमा बिष्ट ने बताया कि संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से मकसद संस्था विभिन्न राजकीय विद्यालयों में पारंपरिक लोककला, लोकसंगीत और लोकनृत्य के प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित कर रही है। संस्था का उद्देश्य उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति का संरक्षण और संवर्धन करते हुए पारंपरिक कलाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।

टैग
पाठक प्रतिक्रिया (Reader Feedback)
इस खबर पर अपनी राय या स्थानीय जानकारी साझा करें: