यूपी के 25 लाख और युवाओं को मिलेंगे टैबलेट, 26 जनवरी तक एक लाख से अधिक को नौकरी के नियुक्ति पत्र: योगी आदित्यनाथ

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर प्रदेश के 25 लाख और युवाओं को टैबलेट देने की घोषणा की। रविवार को राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर आयोजित समारोह में उन्होंने स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के दूसरे चरण का शुभारंभ किया। इस दौरान लखनऊ, सीतापुर, हरदोई और उन्नाव के 53 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं को टैबलेट वितरित किए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि 26 जनवरी तक एक लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियों के नियुक्ति पत्र भी दिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि योजना के पहले चरण में 60 लाख युवाओं को टैबलेट और स्मार्टफोन दिए जा चुके हैं। अब युवाओं की मांग को देखते हुए स्मार्टफोन के बजाय टैबलेट वितरण को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य युवाओं को डिजिटल रूप से सक्षम बनाने के साथ रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।

टैबलेट में 18 हजार से अधिक पाठ्यक्रमों की सामग्री
मुख्यमंत्री ने कहा कि टैबलेट केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि पढ़ाई, कौशल विकास और भविष्य संवारने का माध्यम है। इन्फोसिस के सहयोग से इसमें 18 हजार से अधिक पाठ्यक्रमों की मुफ्त डिजिटल अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई गई है। इसमें योग से लेकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डीप टेक जैसे आधुनिक विषय शामिल हैं।
युवा साथी ऐप के माध्यम से विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, पीएम और सीएम इंटर्नशिप, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान तथा पीएम मुद्रा योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी मिलेगी। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से टैबलेट का उपयोग ज्ञान बढ़ाने और अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए करने की अपील की।
उन्होंने बताया कि कोरोना महामारी के दौरान विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होने के बाद 25 दिसंबर 2021 को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर इस योजना की शुरुआत की गई थी। उस समय दो करोड़ युवाओं को डिजिटल उपकरण देने का लक्ष्य रखा गया था। आईआईएम लखनऊ से कराए गए अध्ययन में योजना के उत्साहजनक परिणाम सामने आए हैं।

42 हजार होमगार्डों को भी नियुक्ति पत्र देने की तैयारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश के 9.50 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। आठ हजार लेखपालों और 32 हजार पुलिसकर्मियों की भर्ती प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और सत्यापन का काम चल रहा है। अधिकारियों को नियुक्तियों में अनावश्यक देरी नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं। अगले दस दिनों में 42 हजार होमगार्डों को भी नियुक्ति पत्र देने की तैयारी है।
उन्होंने बताया कि हाल में शिक्षा विभाग के 3,568, पंचायती राज विभाग के 1,375, खेल कोटे के 470, फॉरेंसिक विभाग के 28 वैज्ञानिकों, पुलिस के 4,543 उपनिरीक्षकों और राजस्व विभाग के 1,146 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए हैं। शिक्षा विभाग, लोक सेवा आयोग और अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के माध्यम से भी बड़ी संख्या में भर्तियां की जाएंगी।
सपा सरकार पर भर्ती प्रक्रिया को लेकर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी की पूर्व सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले भर्ती निकलते ही वसूली शुरू हो जाती थी। बिना खर्ची-पर्ची नौकरी नहीं मिलती थी और परीक्षा कोई देता था, जबकि नियुक्ति किसी दूसरे की हो जाती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय युवाओं को नौकरी देने के बजाय मुन्ना भाई पैदा किए गए और सरकार बनने के बाद ऐसी नियुक्तियां निरस्त करनी पड़ीं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार में भर्तियां पारदर्शिता और ईमानदारी से हो रही हैं। नकल माफिया के खिलाफ कार्रवाई की गई है और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों की संपत्तियां जब्त की गई हैं।
ब्रह्मोस परियोजना से 500 युवाओं को रोजगार
मुख्यमंत्री ने बताया कि लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइल परियोजना के लिए डीआरडीओ को निशुल्क भूमि उपलब्ध कराई गई। इसके बदले प्रदेश के विश्वविद्यालयों से युवाओं के चयन की शर्त रखी गई थी। एकेटीयू के माध्यम से ब्रह्मोस और उससे जुड़ी इकाइयों में 500 युवाओं का चयन हुआ है।
उन्होंने अमेठी में एके-203 राइफल के निर्माण और कानपुर में इसके पुर्जे तैयार किए जाने का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री के अनुसार रक्षा उत्पादन में बढ़ते निवेश से प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार हो रहे हैं।
प्रदेश में 120 से बढ़कर 25 हजार हुए स्टार्टअप
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में केवल 120 स्टार्टअप थे, जबकि आज इनकी संख्या 25 हजार से अधिक हो गई है। प्रदेश की 96 लाख एमएसएमई इकाइयों से तीन करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार मिला है। देश में बनने वाले 55 प्रतिशत मोबाइल फोन और 60 प्रतिशत इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट का निर्माण उत्तर प्रदेश में हो रहा है।
उन्होंने बताया कि लखनऊ की एचसीएल इकाई में वर्ष 2017 में करीब 100 कर्मचारी थे, जबकि आज वहां 18 हजार युवा काम कर रहे हैं। प्रदेश में 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव आए हैं। हर जिले में सरदार वल्लभभाई पटेल इकोनॉमिक एंड इंडस्ट्रियल जोन विकसित किया जाएगा। वहीं, बुंदेलखंड में 56 हजार एकड़ में औद्योगिक शहर बनाने की तैयारी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश हर साल विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित से जुड़े दो लाख से अधिक स्नातक तैयार कर रहा है। टाटा, सैमसंग, हिंदुजा और एचसीएल जैसी कंपनियां युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुसार प्रशिक्षित करने में सहयोग कर रही हैं।
युवा शक्ति को बताया प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत
भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने मात्र 25 वर्ष की उम्र में ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ संघर्ष किया और जनजातीय समाज के अधिकारों के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने भगवान श्रीराम, श्रीकृष्ण, स्वामी विवेकानंद, रानी लक्ष्मीबाई और काकोरी के क्रांतिकारियों का उदाहरण देते हुए युवाओं से बड़े संकल्प लेने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि भारत की 56 प्रतिशत आबादी युवा है, जबकि उत्तर प्रदेश में 56 से 60 प्रतिशत आबादी युवा वर्ग की है। इसी युवा शक्ति के बल पर प्रदेश बीमारू राज्य की पहचान से निकलकर देश की तीन बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हुआ है। मुख्यमंत्री ने एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले पात्र युवाओं से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की अपील भी की।
समारोह में कई मंत्री और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, योगेंद्र उपाध्याय, सुनील कुमार शर्मा, दयाशंकर सिंह, राज्यमंत्री जसवंत सिंह सैनी और रजनी तिवारी सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इसके अलावा महापौर सुषमा खर्कवाल, पूर्व मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह, विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा, रामचंद्र प्रधान, उमेश द्विवेदी और लालजी प्रसाद निर्मल, विधायक डॉ. नीरज बोरा, जय देवी, अमरेश कुमार और योगेश शुक्ला तथा लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जय प्रकाश सैनी समेत बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

टैग
पाठक प्रतिक्रिया (Reader Feedback)
इस खबर पर अपनी राय या स्थानीय जानकारी साझा करें: