नोएडा में यातायात पुलिस ने एक दिन में किए 5123 ई-चालान, आठ वाहन सीज

📌 मुख्य बातें (Key Highlights)
नोएडा। पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में गौतमबुद्धनगर यातायात पुलिस ने 14 नवंबर को यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। इस दौरान मैनुअल और आईएसटीएमएस कैमरों के माध्यम से कुल 5123 ई-चालान किए गए, जबकि आठ वाहनों को सीज किया गया। बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 2068 चालकों के विरुद्ध भी चालानी कार्रवाई की गई।

यातायात पुलिस के अनुसार, 2072 चालान मैनुअल तरीके से किए गए, जबकि आईएसटीएमएस कैमरों के माध्यम से 3051 वाहनों के चालान किए गए। विशेष अभियान के तहत नो पार्किंग, विपरीत दिशा में वाहन चलाने, बिना इंश्योरेंस, सीएक्यूएम (एनजीटी) के नियमों के उल्लंघन और ओवरस्पीड के मामलों में कार्रवाई की गई।
विभिन्न श्रेणियों में की गई चालानी कार्रवाई का विवरण इस प्रकार है—
- नो पार्किंग में 514 चालान।
- विपरीत दिशा में वाहन चलाने पर 361 चालान।
- बिना इंश्योरेंस 334 चालान।
- सीएक्यूएम (एनजीटी) नियमों के उल्लंघन पर 346 चालान।

- ओवरस्पीड के 640 चालान।
चालानी कार्रवाई के साथ यातायात पुलिस ने सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान भी चलाया। इसके तहत प्राथमिक विद्यालय ग्राम गोपालगढ़ में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को नकली हेलमेट के दुष्प्रभावों, यातायात संकेतों और सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी दी गई। उन्हें ‘सड़क सुरक्षा-जीवन रक्षा’ का संदेश देते हुए यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने तथा सुरक्षित एवं जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाने की अपील की। पुलिस ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करके सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।

टैग
पाठक प्रतिक्रिया (Reader Feedback)
इस खबर पर अपनी राय या स्थानीय जानकारी साझा करें: