नोएडा JVCC लाफ्टर क्लब के 12वें वार्षिक समारोह में स्कूली बच्चों ने बिखेरी खुशियां

मुख्य बातें (Key Highlights)-लाफ्टर योग सांस लेने के विज्ञान और बिना किसी शर्त के हंसने की कला का संगम है। यह आनंद, भावनात्मक स्वास्थ्य और शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ावा देता है।
नोएडा। JVCC लाफ्टर क्लब का 12वां वार्षिक समारोह उत्साह, उमंग और हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। समारोह की खास बात यह रही कि पहली बार विभिन्न गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ) द्वारा संचालित विद्यालयों के करीब 50 बच्चों ने इसमें भाग लिया। सक्षम, साई, कंचन और सागो संस्थाओं के स्कूलों से आए बच्चों की सहभागिता ने आयोजन को विशेष बना दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ शंख ध्वनि के साथ हुआ। इसके बाद क्लब के संस्थापक कमोडोर अशोक साहनी (सेवानिवृत्त) ने लाफ्टर योग सत्र का संचालन किया। उन्होंने वर्ष 2014 में क्लब की स्थापना की थी। सत्र में ताली बजाने, मंत्रोच्चार, गहरी सांस लेने और हंसी के विभिन्न अभ्यास कराए गए। बच्चों जैसी निश्छल मस्ती के साथ आयोजित इस सत्र में सभी प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
अशोक सावनी ने बताया कि लाफ्टर योग सांस लेने के विज्ञान और बिना किसी शर्त के हंसने की कला का संगम है। यह आनंद, भावनात्मक स्वास्थ्य और शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ावा देता है। सत्र के दौरान पूरा वातावरण सामूहिक हंसी से गूंज उठा।
समारोह के मुख्य अतिथि मैक्स हॉस्पिटल, वैशाली के डॉ. विवेक बिंदल का स्वागत कमांडर नरेंद्र महाजन (सेवानिवृत्त) और कमोडोर अशोक अशोक साहनी ने किया। अपने संबोधन में डॉ. बिंदल ने लाफ्टर योग के लाभों और दैनिक जीवन में हंसी के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने आयोजन के लिए क्लब का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि उनके माता-पिता ने भी अगले दिन से क्लब की सदस्यता लेने का निर्णय किया है।
कार्यक्रम में बॉलीवुड मेडले और विशेष आभार नृत्य (ग्रेटिट्यूड डांस) आकर्षण का केंद्र रहे। लोकप्रिय बॉलीवुड गीतों पर प्रस्तुतियों ने समारोह में संगीत और उल्लास का माहौल बना दिया। क्लब के सदस्यों के साथ अतिथियों ने भी नृत्य प्रस्तुतियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
समारोह में JVCC प्रबंधन समिति के सदस्यों के अलावा डॉ. संतोष साही, लाफ्टर एंबेसडर एवं क्लब के मेंटर, एनसीआर क्षेत्र के अन्य लाफ्टर एंबेसडर, डॉ. सुमन सुनेजा तथा लाफ्टर योग पर आधारित फिल्म 'लाफ्टर एक्सप्रेस' के निर्देशक जयंत सिन्हा सहित कई विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे।
कमांडर नरेंद्र महाजन (सेवानिवृत्त) ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। उन्होंने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। समारोह ने क्लब के सदस्यों, अतिथियों और स्कूली बच्चों को एक मंच पर लाकर मित्रता, आनंद, प्रसन्नता और आपसी सौहार्द का संदेश दिया।

टैग
पाठक प्रतिक्रिया (Reader Feedback)
इस खबर पर अपनी राय या स्थानीय जानकारी साझा करें: