नोएडा की एक्सपोर्ट कंपनी में भीषण आग, दमकल की छह गाड़ियों ने पाया काबू

नोएडा। सेक्टर-63 के ए-4 ब्लॉक स्थित होरीशा ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड की बिल्डिंग में सोमवार देर रात भीषण आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और स्थानीय पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। दमकल की छह गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया। इस दौरान बिल्डिंग में मौजूद दो कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 11:46 बजे कंपनी की पहली मंजिल पर आग लगी थी। कंपनी कपड़ों के निर्यात का काम करती है। आग फैलकर दूसरी मंजिल तक पहुंच गई, जहां मल्होत्रा इंडस्ट्रीज का काम होता है। शुरुआती सूचना में कुछ लोगों के अंदर फंसे होने की आशंका जताई गई थी।

सूचना पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार के नेतृत्व में दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। बचाव अभियान के दौरान पहली मंजिल पर सो रहे दो कर्मचारियों विक्की (41) और अरुण (26) को सुरक्षित बाहर निकाला गया। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार के अनुसार, दमकल की छह गाड़ियों की सहायता से आग बुझा दी गई। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। मौके पर स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौजूद रहीं तथा शांति व्यवस्था कायम है। उन्होंने बताया कि कूल डाउन प्रक्रिया जारी है। आग लगने के कारण और आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

टैग
पाठक प्रतिक्रिया (Reader Feedback)
इस खबर पर अपनी राय या स्थानीय जानकारी साझा करें: