मजदूरों के अधिकारों की मांग को लेकर सीटू ने झुग्गी बस्तियों में चलाया जन जागरण अभियान

1 दिसंबर को दिल्ली में रैली और संसद मार्च में शामिल होने का आह्वान
नोएडा। सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन्स (सीटू) की गौतमबुद्ध नगर जिला कमेटी ने 1 से 3 दिसंबर तक नई दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रस्तावित रैली और संसद मार्च को सफल बनाने के लिए जन जागरण अभियान चलाया। इसी क्रम में सोमवार को सेक्टर-8, 9 और 10 की झुग्गी बस्तियों में जन नाट्य मंच के कलाकारों ने विभिन्न स्थानों पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर मजदूरों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से कलाकारों ने मजदूरों की मेहनत, महंगाई, अधिकारों में कटौती और चार लेबर कोड्स के खिलाफ संघर्ष को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। नाटक के दौरान बस्ती के लोगों ने तालियां बजाकर कलाकारों का उत्साह बढ़ाया। इस दौरान 'मजदूर एकता जिंदाबाद' के नारों से क्षेत्र गूंज उठा।

नाटक के बाद आयोजित नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए सीटू के जिला सचिव गंगेश्वर दत्त शर्मा ने लोगों को गोवर्धन पूजा, भैया दूज और छठ पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि त्योहारों की वास्तविक खुशी तभी संभव है, जब मजदूरों को पूरा वेतन, बोनस, पेंशन और सम्मानजनक जीवन मिले। उन्होंने कामगारों से 1 दिसंबर को दिल्ली पहुंचकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की।
सीटू की प्रमुख मांगें:-
-चारों लेबर कोड्स वापस लिए जाएं।
-आंगनवाड़ी, आशा, मिड-डे मील सहित सभी योजना कर्मियों और अस्थायी कर्मचारियों को स्थायी किया जाए।
-न्यूनतम वेतन 42 हजार रुपये प्रतिमाह लागू किया जाए।
-21 हजार रुपये पेंशन सहित सामाजिक सुरक्षा जारी रखी जाए।

-मनरेगा बहाल किया जाए।
-ऑटो, ई-रिक्शा, टैक्सी और रेहड़ी-पटरी श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान की जाए।
सभा को सीटू नेता भरत डेंजर, अरुण कुमार पटेल, पारस गुप्ता और शंभू सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने भी संबोधित किया। कार्यकर्ताओं ने बस्ती और फैक्ट्री स्तर पर जनसंपर्क अभियान तेज कर रैली और संसद मार्च को सफल बनाने का संकल्प लिया।

टैग
पाठक प्रतिक्रिया (Reader Feedback)
इस खबर पर अपनी राय या स्थानीय जानकारी साझा करें: